चंदौली
सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए NH-19 पर काले शाह बाबा की मजार के पास एक ट्रक से 1,185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (23) निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार ट्रक में शराब को छिपाने के लिए उसके ऊपर लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियां रखी गई थीं।
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक MH 18 BZ 7720 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में KINGS GOLD, IMPERIAL BLUE, MCDOWELL’S, PARTY SPECIAL और SUPER JUBILEE ब्रांड की शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कथित तौर पर हरियाणा के पानीपत के पास से शराब लादकर बिहार ले जा रहा था। इसके लिए उसे एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक, आईफोन, नकदी समेत अन्य सामान भी बरामद किया।
मामले में थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।







