दिल्ली की सड़कों पर चला बुलडोजर एक्शन, 192 रेहड़ी-पटरी हटाईं, 37 अतिक्रमण साफ

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

दिल्ली में सड़क किनारे अतिक्रमण और गलत तरीके से की जा रही पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने नगर निगम की टीम के साथ मिलकर कई इलाकों में संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान सड़क पर नियमों का उल्लंघन कर रही गाड़ियों को खड़े करने वालों पर कार्रवाई की गई और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे हटाए गए।

अभियान के दौरान गलत तरीके से वाहन पार्क करने वाले 634 लोगों के चालान काटे गए. इसके अलावा सड़क किनारे लगी 192 रेहड़ी-पटरी को हटाया गया. टीम ने 37 अतिक्रमण भी साफ कराए. कार्रवाई के दौरान नियमों के खिलाफ खड़े 24 वाहनों को टो किया गया, जबकि 5 वाहनों को जब्त कर लिया गया।

सड़क घेरने वालों पर कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने उन जगहों पर अभियान चलाया, जहां सड़क के किनारे सामान रखकर रास्ते को घेरा जा रहा था. इसके अलावा रेहड़ी-पटरी लगाने और वाहनों को गलत तरीके से पार्क करने के कारण भी सड़क की जगह कम हो रही थी।

सड़क पर इस तरह की गतिविधियों के कारण वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है. वहीं, पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी सड़क के किनारे से गुजरना मुश्किल हो जाता है. कई जगहों पर सड़क का हिस्सा सामान या वाहनों से घिरा होने के कारण लोगों को मुख्य सड़क के पास चलना पड़ता है।

सामान भी जब्त किया गया
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क पर अतिक्रमण करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सामान को भी हटाया. टीम ने मौके से आठ ठेले जब्त किए. इसके अलावा तीन डिस्प्ले बोर्ड, तीन टेबल और तीन काउंटर भी कब्जे में लिए गए।

अधिकारियों के अनुसार_ अभियान का उद्देश्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और आम लोगों के लिए रास्ता सुगम बनाना है. गलत पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित होता है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के जरिए सड़क की जगह को खाली कराया जा रहा है.

अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों और दुकानदारों से सड़क पर वाहन या सामान खड़ा नहीं करने की अपील भी की, जिससे यातायात सुचारू रहे और पैदल यात्रियों को भी आने-जाने में परेशानी न हो।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई