वाराणसी।
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप दलहन एवं तिलहन फसलों के क्षेत्रफल में वृद्धि करने तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को विकास खंड परिसर पिंडरा में बीज मिनीकिट वितरण कार्यक्रम एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को चना, मटर एवं सरसों के बीज मिनीकिट का निशुल्क वितरण किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पिंडरा विधायक अवधेश सिंह एवं अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान विधायकगण ने किसानों से दलहन एवं तिलहन फसलों की अधिक से अधिक क्षेत्रफल में खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान समय से फसलों की बुआई कर उत्पादन बढ़ाने के साथ सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का भी लाभ उठाएं।किसान गोष्ठी में कृषि विभाग की योजनाओं एवं बीज वितरण से संबंधित जानकारी किसानों को दी गई।
अधिकारियों ने किसानों को फसल की समय से बुआई, उन्नत बीज के प्रयोग तथा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में भूमि संरक्षण ऊसर सुधार योजना कार्यालय के भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक यादव, सहायक विकास अधिकारी साहब सिंह यादव, बीज गोदाम प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह सहित ई-लॉटरी से चयनित किसान रामसूरत पटेल, रामपति राम, बसंत कुमार आदि उपस्थित रहे








