वाराणसी।
पुलिसिंग में थाना चौक ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इसके साथ ही थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी का पहला ISO प्रमाणित थाना बन गया है। तीन माह तक चले थर्ड पार्टी ऑडिट में थाने की कार्यप्रणाली को विभिन्न गुणवत्ता मानकों पर परखा गया, जिसमें थाना चौक निर्धारित मानकों पर खरा उतरा।
ऑडिट के दौरान जनशिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, आगंतुकों की सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क, जनसंवाद, पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग समेत कई बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया।
लगातार तीन माह तक चले निरीक्षण के बाद सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली पाए जाने पर थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।पुलिस आयुक्त ने थाना चौक का किया निरीक्षण ISO प्रमाणपत्र मिलने के बाद पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने थाना चौक का विस्तृत निरीक्षण किया।
उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मिशन शक्ति केन्द्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति, 112, 1090, 1076 और 1930 जैसी हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया।
CCTV के जरिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर पुलिस आयुक्त ने आमजन को अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के जरिए अपराध की रोकथाम और आपराधिक घटनाओं के अनावरण पर विशेष जोर दिया।इस दौरान क्षेत्रीय व्यापारियों ने पुलिस आयुक्त को सम्मानित कर पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट कार्य में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में म0उ0नि0 मानसी वर्मा, हे0का0 कृष्ण कुमार सिंह, का0 सुनील कुमार, म0का0 दिव्या सिंह, म0का0 तेजस्वी ओझा और म0का0 प्राची शुक्ला शामिल रहे।इसके अलावा पुलिस मित्र निधि देव अग्रवाल और वालंटियर विजय मिश्रा को भी सम्मानित करते हुए
उनके सहयोग एवं सक्रिय योगदान की सराहना की गई।अन्य थानों को भी बेहतर मानकों तक पहुंचाने का प्रयास पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना चौक की उपलब्धि पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि थाना चौक में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित की गई कार्यप्रणाली को आधार बनाकर कमिश्नरेट के अन्य थानों को भी बेहतर मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मी और क्षेत्रीय व्यापारी मौजूद रहे।







