एयर शो की तैयारियों में मोहित अग्रवाल और सत्येन्द्र कुमार का बड़ा एक्शन! 22, 23 और 25 अक्टूबर के आयोजन से पहले पार्किंग, वीआईपी रूट और हेलीपैड का लिया जायजा

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। 22, 23 एवं 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो को लेकर वाराणसी पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शनिवार को बसंता महिला कॉलेज के पास चिन्हित पार्किंग स्थलों, वीआईपी आवागमन मार्ग, हेलीपैड तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एयर शो में उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग क्षमता, प्रवेश-निकास मार्ग, वाहन संचालन और यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की। पुलिस आयुक्त ने पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

वीआईपी रूट पर विशेष फोकस

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने वीआईपी एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए प्रस्तावित रूटों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही वैकल्पिक मार्ग और प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखने को कहा गया।

अनधिकृत वाहनों पर रहेगा नियंत्रण

एयर शो स्थल पर प्रवेश करने वाले अधिकृत वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पास जारी करने की प्रक्रिया स्पष्ट रखने के साथ ही अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। हेलीपैड की सुरक्षा, आपातकालीन व्यवस्थाओं और आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने एयर शो के दौरान प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस एवं यातायात पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने निर्देश दिया कि एयर शो से पहले पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास, निर्धारित रूट और सुरक्षा प्लान का स्थलीय परीक्षण हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने कहा कि बड़े आयोजन के दौरान आमजन की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, अपर डीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई