वाराणसी की सीमा चंदबक के राष्ट्रीय राजमार्ग 233 से प्रभावित सैकड़ो किसानों ने मंगलवार को अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित ढेरही टोल प्लाजा को तत्काल बंद करने और पिछले कई वर्षों से लंबित मुआवजा मय ब्याज दिलाए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
किसानों के प्रतिनिधि मण्डल का नेतृत्व करते हुए केराकत निवासी सूर्य नाथ सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि मैं राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रभावित किसान हूं और 2012 से राष्ट्रीय राजमार्ग 233 (वाराणसी- आजमगढ़) के निर्माण एवं भूमि अधिग्रहण के कारण हजारों किसान परिवार गंभीर आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई है, लेकिन अनेक किसान लंबे समय तक उनका मुआवजा की प्रतीक्षा करते-करते दुनिया से चल बसे।उन किसानों को अभी तक मुआवजे का भुगतान नहीं मिला। उन्होंने किसानो का बकाया मुआवजा की मय ब्याज के धनराशि दिलाने व अधूरे टोल प्लाजा पर हो रही अवैध वसूली बन्द करने की मांग किया।
किसानों के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व सूर्य नाथ सिंह ने किया तथा प्रतिनिधि मण्डल में प्रमुख रूप से जयप्रकाश, अरविंद पाण्डेय, बृजेश कुमार यादव, श्याम प्रताप सिंह, सुभाष कुमार, हंसराज, महेश प्रसाद, महेन्द्र चौबे समेत सैकड़ों किसान शामिल रहे।







