भदोही। कालीन उद्योग को मौजूदा चुनौतियों से उबारने और जीआई टैग वाले उत्पादों को बढ़ावा देने की मांग को लेकर ऑल इंडिया कारपेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए सरकार से जीआई टैग वाले कालीन उत्पादों पर आठ प्रतिशत प्रोत्साहन या वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रेस नोट के अनुसार जम्मू-कश्मीर में जीआई टैग वाले कालीन उत्पादों के निर्यातकों और निर्माताओं को 10 प्रतिशत प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी जीआई टैग वाले कालीन उत्पादों के लिए कम से कम आठ प्रतिशत जीआई प्रोत्साहन देने की मांग की गई है।

उनका कहना है कि इससे भदोही समेत पूर्वांचल के कालीन निर्माताओं और निर्यातकों को कारोबार को गति देने में मदद मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष कालीन कारोबार से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी रखा और उद्योग को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान एकमा अध्यक्ष उमेश गुप्ता ‘मुन्ना’ ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जबकि वरिष्ठ कालीन निर्यातक पंकज बरनवाल ने स्मृतिचिह्न भेंट किया।
प्रतिनिधिमंडल में एकमा अध्यक्ष उमेश गुप्ता ‘मुन्ना’, मानद सचिव असीम अंसारी ‘बाबू’, सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य संजय गुप्ता, मानद संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, पूर्व मानद सचिव तौफीक हुसैन, अशफाक अंसारी, अब्दुल सत्तार अंसारी, अमित मौर्य, सादिक अली अंसारी और पंकज बरनवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट फारूक जाफरी







