लखनऊ
यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टर वॉर तेज हो गया है। सोमवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में समाजवादी पार्टी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए विवादित पोस्टर लगाए गए।
पोस्टरों में आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरों के साथ नारा लिखा है – “आजम, अतीक और मुख्तार… यही चलाते थे सरकार” और “अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश”
इसके अलावा “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” शीर्षक से अवध, रुहेलखंड, ब्रज, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कई नाम प्रदर्शित किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक इस तरह के पोस्टर लखनऊ के साथ-साथ उन्नाव, इटावा, सीतापुर, बरेली, मेरठ, आजमगढ़ और गाजीपुर समेत कई जिलों में देखे गए हैं। पोस्टरों के जरिए सपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधा गया है।
फिलहाल इन पोस्टरों को किस संगठन या व्यक्ति द्वारा लगवाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।







