मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)
हरिबल्लमपुर में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपनी बात मनवाने के लिए एक बार फिर मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। सुबह करीब पांच बजे युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते घटनास्थल चर्चा का केंद्र बन गया।
खास बात यह रही कि 14 सितंबर को भी इसी युवती ने इसी टावर पर चढ़कर काफी देर तक हंगामा खड़ा किया था। शुक्रवार को दोबारा टावर पर चढ़ने के बाद घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगे। युवती को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली मुहम्मदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। दोपहर में मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन पुलिस का प्रयास जारी रहा। प्रभारी निरीक्षक हाथ में छाता लेकर लाउडस्पीकर के जरिए लगातार युवती से नीचे उतरने की अपील करते रहे।
पुलिस ने बातचीत के जरिए युवती को शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद आखिरकार युवती टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद इलाके में एक बार फिर यह सवाल चर्चा में रहा कि बार-बार इस तरह टावर पर चढ़ने की स्थिति आखिर कब तक दोहराई जाएगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल युवती के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।







