मिर्जापुर
मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार से मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक जूम माध्यम से की। बैठक में उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका संतोषजनक और समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने तीनों जनपदों के लीड बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि बैंकों की नियमित समीक्षा कर स्वरोजगार योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि उद्यमियों को बैंक ऋण के लिए आवेदन पत्र भरने में भी सहयोग किया जाए, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की कमी न रहे। बैंक द्वारा किसी आवेदन को निरस्त किए जाने पर उसके कारण की जानकारी संबंधित आवेदक को देने के साथ ही संयुक्त निदेशक उद्योग को भी अवगत कराया जाए।
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान विभागीय स्तर पर लंबित आवेदनों की जानकारी ली गई। श्रम विभाग के तीन आवेदन समय सीमा के बाद भी लंबित मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और सहायक श्रमायुक्त सोनभद्र को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में बीएस रोड लोहरा नहर से वियर निर्माण इकाई तक मार्ग के चौड़ीकरण, भरूहना चौकी के समीप पार्क के रखरखाव, शास्त्री ब्रिज की लाइटों की मरम्मत, नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास, सीएम डैशबोर्ड और ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि बीएस रोड से वियर निर्माण इकाई तक करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है और शेष कार्य प्रगति पर है। शास्त्री ब्रिज की लाइटों को नवरात्रि से पहले ठीक कराने का आश्वासन दिया गया।बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के उद्यमी एवं अधिकारी जूम माध्यम से जुड़े रहे।







