चंदौली में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को भव्य और ऐतिहासिक रूप से आयोजित किए जाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी सिलसिले में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में राज्यसभा सांसद साधना सिंह व दर्शना सिंह, विधायक (मुगलसराय) रमेश जायसवाल, चकिया विधायक कैलाश खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जनप्रतिनिधि गण और प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

 

बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर अभियान की रूपरेखा और तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के यशस्वी कार्यकाल और जनसेवा के विभिन्न आयामों को रेखांकित किया गया।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद के सभी मंदिरों, प्रमुख स्थलों, मार्गों और हर घर में दीपोत्सव का आयोजन किया जाए। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चिन्हित ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्डों में दिन के समय रक्तदान शिविर और दिव्यांग कल्याण से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले सभी परिवारों के साथ जनपदवासियों द्वारा शाम 07:00 बजे अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। इसके अतिरिक्त नदी घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम संपन्न होंगे।

इस वृहद आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इस अभियान को पूरी भव्यता के साथ सफल बनाने के लिए तैयारियाँ तेज कर दी है।

बैठक के दौरान डीसी नरेगा, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई