सकलडीहा
कस्बे में सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। सीडीपीओ विमलेश पाल ने सभी को ये पत्र सौंपे।
नियुक्ति पत्र मिलने से उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखी।
सकलडीहा विकास खंड में कुल 52 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्ति होनी थी। इनमें 32 सहायिकाएं और 20 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं।
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान बाल विकास परियोजना कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद थे। सीडीपीओ विमलेश पाल ने सभी चयनित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से ईमानदारी व निष्ठा से अपने काम करने को कहा।
उन्होंने बताया कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये कर दिया है। पाल ने जोर दिया कि सभी को पूरे मन से काम करना होगा, ताकि सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और जरूरतमंदों को पूरा लाभ मिल सके।
इस मौके पर नूतन समेत कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।







