वाराणसी
अमेठी स्थित आनंद राम जयपुरिया स्कूल, गौरीगंज के प्रांगण में दिनांक 12 एवं 13 सितंबर को तृतीय थांगटा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में वाराणसी से चार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और दो स्वर्ण तथा दो रजत पदक अपने नाम कर वाराणसी का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में युवराज भट्ट ने जूनियर भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं लाली ने सीनियर वर्ग के 44 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसी क्रम में सब-जूनियर बालिका वर्ग में अदिति प्रियदर्शी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया, जबकि सब-जूनियर बालक वर्ग के 35 किलोग्राम भार वर्ग में यशराज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
चारों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने आगामी जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। जूनियर नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 सितंबर तक श्रीनगर में किया जाएगा, जहां ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर सौरभ केशरी एवं स्वाति जायसवाल ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास करते रहने का आह्वान किया।
चार खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से डेकाथलान स्पोर्ट्स एंड मार्शल आर्ट स्कूल, रामनगर में खुशी का माहौल है। संस्थान के प्रशिक्षकों एवं सभी खिलाड़ियों ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्थान की ओर से कहा गया कि खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा है और आने वाले समय में उन्हें मंडल, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।







