गोंडा
विनोद साहनी हत्याकांड के बाद गोंडा पहुंचे योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद प्रशासन पर जमकर भड़क उठे। विरोध प्रदर्शन के बीच गोंडा पहुंचे मंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया कि इतनी भारी फोर्स क्यों लगवा दी गई है। इस दौरान उन्होंने कई अन्य मामलों को लेकर भी नाराजगी जताई।
भारी फोर्स तैनात, करनैलगंज में बैरिकेडिंग
हत्याकांड के बाद तनाव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। गोंडा बॉर्डर से कुछ दूरी पर स्थित करनैलगंज चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। एडिशनल एसपी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस लगाई गई है और चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
इसके अलावा गोंडा सर्किट हाउस, कलेक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय के आसपास भी भारी फोर्स तैनात है। निषाद समाज समेत विभिन्न समाजों के नेताओं के गोंडा पहुंचने की सूचना पर प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है।
निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, फांसी की मांग
मंत्री के पहुंचने से पहले निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और हत्यारों को फांसी दिए जाने की मांग की। बाद में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने डीएम और एसपी के साथ बंद कमरे में बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की।
अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन-परिजन में बातचीत जारी
उधर, मृतक विनोद साहनी के घर पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। गांव में परसपुर, तरबगंज, नवाबगंज समेत कई थानों की फोर्स तैनात है। करनैलगंज से मृतक के घर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस बल और बैरिकेडिंग लगाई गई है।
मौके पर पूर्व मंत्री एवं करनैलगंज के पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौजूद हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, कई सदस्य बार-बार बेहोश हो रहे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी और योगेश प्रताप सिंह परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।







