मीरजापुर
मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध मंडलीय जिला चिकित्सालय मीरजापुर में स्वास्थ्य कर्मियों के शूकर ज्वर से बचाव हेतु वृहद टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया।
इस कार्यक्रम में अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों विशेषकर आपातकालीन विभाग, गहन चिकित्सा इकाई, काय चिकित्सा, बाल रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के कर्मियों को शूकर ज्वर से बचाव हेतु टीका लगाया गया। चिकित्सालय के वह सुरक्षाकर्मी जो भीड़ प्रबंधन तथा अनुशासन व्यवस्था संभालते हैं, उन्हें भी इस टीकाकरण से लाभान्वित किया गया।

वार्ड सेवकों तथा सफाई कर्मियों को शूकर ज्वर से बचाव एवं इसके प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता पर्चा वितरित किया गया।चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि रोगियों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का स्वस्थ एवं संक्रामक रोगों से सुरक्षित होना आवश्यक है। एक स्वस्थ स्वास्थ्य कर्मी ही रोगियों तथा समाज के लिए उचित स्वास्थ्य सेवाएं दे सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सचिन किशोर ने बताया कि ज्वर युक्त श्वसन लक्षण वाले रोगियों के लिए चिकित्सालय परिसर में ही अलग से शूकर ज्वर सहायता केंद्र की व्यवस्था की गई है, जहां चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार, औषधियों का वितरण तथा जांच कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ पंकज पांडे, डॉ वंदना मौर्य, डॉ सुनील सिंह, काय चिकित्सा विभाग के सहायक आचार्य डॉ राजेश मिश्रा, डॉ क्वाशीन अख्तर, वरिष्ठ चिकित्सा परामर्शदाता डॉ आर के सिंह, चिकित्सालय प्रबंधक डॉ पूजा सलूजा आदि ने उपस्थित होकर स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया।








