आर्य महिला पीजी कॉलेज के दर्शनशास्त्र विभाग में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक आत्मीय एवं उल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दर्शनशास्त्र विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. संध्या श्रीवास्तव, डॉ. अनामिका सिंह एवं डॉ. ममता यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन छात्राओं ने अत्यंत उत्साह और स्नेह के साथ किया। शिक्षक दिवस के इस विशेष अवसर को केक कटिंग, मनोरंजक खेलों, नृत्य, संगीत एवं कविताओं के माध्यम से यादगार बनाया गया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षिकाओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीय भावनाएँ व्यक्त कीं।
बी.ए. ऑनर्स की छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम में अनन्या पाण्डेय, दीक्षा ठाकुर, अनुष्का गुप्ता, अनुष्का भार्गव, प्राची त्रिपाठी, अंजलि मिश्रा, अक्षिता पटेल, वंशिका मेहरा, जागृति सिंह, दिपाली गिरि, साक्षी यादव, पलक कन्नौजिया एवं प्रतिभा अग्निहोत्री ने सक्रिय सहभागिता की।
छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य, संगीत और कविताओं ने समारोह को भावपूर्ण और जीवंत बना दिया। वहीं विभिन्न मनोरंजक खेलों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण निर्मित किया। केक कटिंग के साथ छात्राओं ने अपनी शिक्षिकाओं के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी शिक्षिकाओं ने पूरे कार्यक्रम में छात्राओं के साथ सक्रिय सहभागिता की और उनकी प्रस्तुतियों एवं उत्साह का आनंद लिया। शिक्षिकाओं ने छात्राओं को अपने स्नेह एवं आशीर्वाद से अभिसिंचित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और सफलता की कामना की।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन छात्रा अनुष्का भार्गव ने किया। उनके कुशल संचालन ने कार्यक्रम को सहज, रोचक और व्यवस्थित बनाए रखा।यह कार्यक्रम केवल शिक्षक दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षक-छात्र संबंधों में निहित स्नेह, सम्मान, विश्वास और आत्मीयता की सुंदर अभिव्यक्ति रहा। कार्यक्रम ने विभाग में एक सुखद, सौहार्दपूर्ण और यादगार वातावरण का निर्माण किया।







