पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)
नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए गुरुवार को यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाया।
सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगाए गए ठेला-खोमचा और खड़े ऑटो व ई-रिक्शा को हटाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि सड़क पर इस तरह से सामान या वाहन खड़ा न करें, जिससे राहगीरों और अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क के किनारे निर्धारित एवं यातायात में बाधा रहित स्थान पर ही वाहन खड़े किए जाएं।
यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की मदद से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर ठेला-खोमचा बेतरतीब ढंग से लगाए जाने तथा ऑटो और ई-रिक्शा के अनियमित रूप से खड़े होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। ऐसे लोगों को मौके पर सचेत करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि लोगों को समझाया गया है कि सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित न करें। यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण या वाहन बेतरतीब खड़े पाए गए तो संबंधित के खिलाफ जुर्माने के साथ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जब तक नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु नहीं हो जाती, तब तक अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाएगी।







