गहमर ( ग़ाज़ीपुर )
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज ने सभी संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बाढ़ नियंत्रण और जल संसाधन विभाग की टीमों को संवेदनशील तटबंधों, स्थलों और बांधों की लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। गहमर, बारा और आसपास के निचले तथा दियारा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

संभावित आपात स्थिति के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीमें और स्थानीय गोताखोर भी अलर्ट पर हैं। आवश्यकता पड़ने पर सरकारी और निजी नावों के परिचालन के लिए अंचलाधिकारियों को तैयार रहने को कहा गया है। तहसील स्तर पर एक बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय कर दिया गया है, जो जलस्तर की नियमित समीक्षा कर रहा है।
प्रशासन ने गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आम नागरिकों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को गंगा नदी, उसकी सहायक नदियों के किनारे, जलभराव वाले क्षेत्रों और तटबंधों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।गंगा घाटों स्नान करने वाले श्रद्धालुओं से भी गहरे पानी में जाने से मना किया गया है।







