राजस्थान में पत्नी से अपनी जमा पूंजी छिपाकर रखने की कोशिश एक किसान को भारी पड़ गई। किसान ने करीब 5 लाख रुपये खेत में गाड़कर रख दिए, लेकिन बाद में वह नकदी निकालना भूल गया। जब काफी समय बाद उसे रुपये याद आए और उसने खेत में खोदकर पैसे निकाले तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जमीन में दबे नोटों को दीमक चट कर चुकी थी।
किसान ने अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए बैंक में रखने के बजाय खेत में छिपा दिया था। उसे उम्मीद थी कि किसी को इसकी भनक नहीं लगेगी। लेकिन रुपये सुरक्षित रहने के बजाय दीमक का निवाला बन गए। किसान जब नोटों को लेकर बैंक पहुंचा तो क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे नोट बदलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लाखों रुपये गंवाने के बाद किसान के पास अब पछतावे के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। यह घटना उन लोगों के लिए भी सबक है, जो चोरी या अन्य कारणों से बड़ी रकम घर, खेत या जमीन में छिपाकर रखते हैं।







