मीरजापुर।
महिला कल्याण विभाग द्वारा एक बड़ी पहल करते हुए माँ विन्ध्यवासिनी राजकीय स्वशासी मेडिकल कॉलेज परिसर में राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई की स्थापना की गई है।
इस विशेष इकाई का भव्य शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवाँ विधायक शुचिस्मिता मौर्या, दर्जा प्राप्त मंत्री सोहन श्रीमाली, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कीर्ति कुमार मिश्र व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ0 संजीव कुमार सिंह के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जनपद के तमाम जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मेडिकल कॉलेज के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अभी तक जिले में मिलने वाले लावारिस, अनाथ या सड़क पर छोड़े गए नवजात बच्चों के पुनर्वास के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसे बच्चों को दूसरे जिलों में भेजना पड़ता था। इस इकाई के शुरू होने से अब ऐसे बच्चों को यहीं सुरक्षित आश्रय, बेहतर पोषण, चिकित्सा सुविधा, देखभाल और सबसे जरूरी, एक नया परिवार मिल सकेगा।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह इकाई पूर्ण रूप से केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के नियमों के तहत संचालित होगी। इसमें पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।

“इस इकाई में आने वाले प्रत्येक बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) द्वारा विधिक रूप से दत्तक ग्रहण के लिए स्वतंत्र घोषित किया जाएगा, उसके बाद ही CARA के पोर्टल cara.wcd.gov.in के माध्यम से निःसंतान दंपतियों को नियमानुसार गोद दिया जाएगा। इससे अवैध गोद लेने की प्रक्रिया पर भी रोक लगेगी।” – मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि इकाई में 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए सभी सुविधाएं, प्रशिक्षित स्टाफ, सीसीटीवी निगरानी और चिकित्सकीय देखभाल की व्यवस्था की गई है।
विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने कहा जनपद के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है |
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि यह इकाई मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी है और सरकार की सोच बेटी बचाओ, अनाथ बच्चों को संरक्षण दो की दिशा में एक मजबूत कदम है। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि इससे जिले के बेसहारा बच्चों का भविष्य संवर सकेगा।
इसी कार्यक्रम के दौरान कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें मेडिकल कॉलेज में जन्म लेने वाली 20 नवजात कन्याओं के परिजनों को सम्मानित किया गया और उन्हें सरकार की तरफ से बेबी किट प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य समाज में बेटियों के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के एसआईसी डॉ. सचिन सिंह, डॉ. सुनील सिंह, डॉ दुर्गेश सिंह सहित महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, चाइल्ड लाइन के सदस्य और मेडिकल कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेंद्र तिवारी ने किया |











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437