चंदौली
बरहनी विकास खंड अंतर्गत अरंगी ग्राम पंचायत में विद्युत उपकेन्द्र बनवाने की मांग है। ग्राम प्रधान पूजा सिंह ने विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर बसंतपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग की है। प्रधान पूजा सिंह ने अपने पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत के अंतर्गत बसंतपुर में सरकारी भूमि उपलब्ध है, जो वर्तमान में खाली पड़ी हुई है।
इस भूमि पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे किसानों को सिंचाई करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली का वोल्टेज कम होने के कारण ट्यूबवेल और अन्य सिंचाई उपकरण ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
प्रधान ने यह भी बताया कि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रयास से बिजली विभाग की टीम ने बसंतपुर में प्रस्तावित उपकेंद्र के लिए सरकारी भूमि का स्थलीय सर्वेक्षण भी किया है। सर्वे के दौरान अधिकारियों ने भूमि की उपलब्धता और उपकेंद्र निर्माण की संभावनाओं का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बसंतपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित हो जाता है तो अरंगी सहित आसपास के कई गांवों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। इससे लो वोल्टेज की समस्या दूर होगी, किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और शासन से मांग की है कि सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपकेंद्र निर्माण की स्वीकृति जल्द प्रदान की जाए, ताकि वर्षों पुरानी बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सके और क्षेत्र के किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा मिल सके।







