चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय),
चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट (एसओजी) और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करतें हुए लूट की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट की घटना से संबंधित 2,200 रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को शक्ति इंटरप्राइजेज, जतनबर (वाराणसी) के सेल्समैन विभिन्न दुकानों से वसूली कर करीब 1.34 लाख रुपये लेकर मोपेड से लौट रहे थे। ग्राम चौरहट के मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से आए पांच बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल चार अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि फरार आरोपी हरीश पाण्डेय पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 30/31 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर एम्बीशन स्कूल के पास से आरोपी हरीश पाण्डेय पुत्र रामजीत पाण्डेय, निवासी हरिहरपुर, थाना रोहनिया (वाराणसी), उम्र लगभग 26 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर सेल्समैन की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। लूट की रकम सभी आरोपियों में बराबर बांटी गई थी, जिसमें उसके हिस्से में 17 हजार रुपये आए थे।
बरामद 2,200 रुपये उसी रकम के शेष रुपये हैं, जबकि बाकी धनराशि उसने खर्च कर दी। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल वाराणसी क्षेत्र से चोरी की गई थी और उसी का इस्तेमाल आपराधिक घटनाओं में किया जाता था। अवैध तमंचा उसने बिहार से खरीदने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में थाना मुगलसराय पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438