मीरजापुर
भारतीय किसान यूनियन जनपद मीरजापुर की कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को कैंप कार्यालय बंगला देवरिया पर जिला अध्यक्ष रामसेवक सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव पंचम सिंह ने किया।
बैठक में सिंचाई और बिजली से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से छाए रहे। वक्ताओं ने कहा कि जनपद में औसत से कम वर्षा होने के कारण खरीफ की फसल प्रभावित हो रही है। किसानों ने जनपद मीरजापुर को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की।
बैठक में मांग की गई कि सिंचाई खंड चुनार के अंतर्गत देवरिला माइनर, कौड़िया माइनर और चौकिया ब्रांच की चौकिया, मनउर, ढेबरा क्षेत्र की नहरें जलकुंभी व घास-फूस से पट गई हैं, जिनकी तत्काल सफाई कराकर किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाए।
इसके अलावा जमालपुर विद्युत उपकेंद्र घरवाह से चारगोड़ा फीडर पर लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने, एसएच 5ए से मदनपुर संपर्क मार्ग की पटरी को अतिक्रमण मुक्त कर क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कराने की मांग उठी।
किसानों ने बताया कि भागवत राजबाहा से निकली कुलावा नंबर चार की नाली जाम होने से बरबकपुर, घाटमपुर, मुजडीह और आंशिक कुदारन गांव की सिंचाई बाधित है। वहीं मेन कैनाल के कुलावा नंबर चार की नाली जाम होने से मानिकपुर, मझवां, कल्याणीपुर, कजाकपुर की सिंचाई बाधित है। टेडुआ माइनर से पानी न मिलने के कारण बरीजीवनपुर तक भरपूर पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे एक भी कुलाबा पानी नहीं पकड़ रहा है और धान की रोपाई बाधित हो रही है।
बैठक में प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह किसान, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, जिला अध्यक्ष कंचन सिंह फौजी, जिला उपाध्यक्ष शिव प्रसाद सिंह, जिला कोषाध्यक्ष स्वामी दयाल सिंह, जिला सचिव विश्वनाथ सिंह, संगठन मंत्री घूरे प्रसाद बिंद, पूर्वांचल सदस्य रामसूरत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष नारायणपुर जगदीश प्रसाद सिंह, जमुना प्रसाद सिंह, नंदलाल पांचाल, मुस्तकीम, रामसेवक मौर्य, पन्नालाल, रामबृक्ष सिंह, कैलाश प्रसाद मौर्य, रमाशंकर मौर्य सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।







