वाराणसी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सदर तहसील स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था और साफ-सफाई का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयर हाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए तथा पूरे परिसर की लगातार निगरानी रखी जाए।

डीएम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश देते हुए कहा कि वेयर हाउस में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस परिसर की साफ-सफाई, ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, अभिलेखों के रख-रखाव और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को नियमित साफ-सफाई और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, एसडीएम सदर नितिन सिंह, जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। डीएम ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।







