चन्दौली
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), बुधवार रात्रि 10 बजे आस्था, संकल्प और समाज सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब बिहार के लखीसराय जिले के निवासी गौरव कुमार प्रजापति अपनी केदारनाथ धाम पदयात्रा के दौरान मुगलसराय पहुंचे।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल उनकी व्यक्तिगत श्रद्धा का प्रतीक नहीं है, बल्कि अपने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के जनकल्याण की मंगलकामना के लिए भी समर्पित है।
गौरव कुमार प्रजापति ने बताया कि उन्होंने अपनी पदयात्रा 20 तारीख को शुरू की थी और वर्तमान में उनकी यात्रा का 15वां दिन चल रहा है। लगातार पैदल चलते हुए वे उत्तराखंड स्थित भगवान केदारनाथ के पवित्र धाम की ओर बढ़ रहे हैं। उनका लक्ष्य लगभग दो माह के भीतर केदारनाथ पहुंचने का है, हालांकि उन्होंने कहा कि यात्रा की गति और अवधि शरीर की क्षमता पर भी निर्भर करेगी।
उन्होंने कहा, “मैंने दो महीने में केदारनाथ पहुंचने का लक्ष्य रखा है, लेकिन शरीर जितना साथ देगा, उसी हिसाब से यात्रा पूरी होगी।”
सैकड़ों किलोमीटर की इस कठिन यात्रा में आने वाली चुनौतियों और शारीरिक पीड़ा के बारे में पूछे जाने पर गौरव ने मुस्कुराते हुए कहा, “दर्द हजारों हैं, लेकिन मजा आ रहा है।”
उनके इस सकारात्मक दृष्टिकोण और अटूट विश्वास ने राह में मिलने वाले लोगों को भी प्रभावित किया है। गौरव की यह पदयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और दृढ़ संकल्प का संदेश देने वाली प्रेरणादायक यात्रा बन गई है।
आस्था और समर्पण से भरे इस सफर में गौरव कुमार प्रजापति हर कदम के साथ भगवान केदारनाथ के दर्शन की ओर बढ़ रहे हैं और साथ ही लोगों को यह संदेश भी दे रहे हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।







