शहाबगंज क्षेत्र अंतर्गत धरौली बेन नहर में आदर्श नहर निर्माण योजना के तहत कराई गई साइड वॉल की लाइनिंग पानी छोड़े जाने के साथ ही ढह गई। बताया जा रहा है कि डिहरी पुल पर पश्चिम व पूरब पटरी का मलबा जेसीबी मशीन से हटाकर कार्य के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
किसान विकास मंच का आरोप है कि शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन द्वारा नहर की साइड वॉल की नींव कमजोर रखी गई थी तथा सीमेंट–मसाले की गुणवत्ता भी मानक के अनुरूप नहीं थी, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। किसान विकास मंच के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सहायक अभियंता को पूरे मामले से अवगत कराया। मौके पर निर्माण कंपनी शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार को भी बुलाया गया।
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री ने कहा कि जल्दबाजी में दोयम दर्जे का कार्य किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सहायक अभियंता राकेश तिवारी ने ठेकेदार से स्पष्ट कहा कि नहर बंद होने के बाद साइड वॉल की गहरी और मजबूत नींव खोदकर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।
इस पर सहायक अभियंता और ठेकेदार ने दोबारा निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सिप्पू सिंह, राम अवध सिंह, गुड्डू चौबे, राम अवतार चौबे, बृजेश चौबे, श्याम नारायण चौबे सहित अन्य किसान एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।







