वाराणसी जिले के भेलुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाहचौक इलाके में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट के साथ साक्ष्य संकलन करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित सोनबरसा गांव निवासी शनि कुमार चौबे (20) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनि लगभग एक माह पहले रोजगार की तलाश में वाराणसी आया था। वह भेलुपुर थाना क्षेत्र के दाहचौक इलाके में अपने चचेरे भाई राहुल कुमार चौबे के साथ किराए के कमरे में रह रहा था और किसी निजी कार्य में संलग्न था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात शनि कुमार चौबे ने मानसिक अवसाद में आकर कमरे के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

देर रात जब उसका चचेरा भाई राहुल कुमार चौबे काम से वापस लौटा तो कमरे का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। राहुल ने देखा कि शनि कमरे में फंदे से लटका हुआ था। घबराए राहुल ने तुरंत उसे फंदे से उतारकर सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन तब तक शनि की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही भेलुपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फील्ड यूनिट की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मृतक के चचेरे भाई से पूरी घटना की जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजन भी गहरे सदमे में हैं।











Users Today : 8
Users This Year : 24726
Total Users : 37319
Views Today : 17
Total views : 73455