वाराणसी साइबर अपराधियों ने एक बार फिर तकनीक का दुरुपयोग करते हुए बैंकिंग सुरक्षा की पोल खोल दी। इस बार शिकार बने एसबीआई के पूर्व उप प्रबंधक शैलेश कुमार, जिनका मोबाइल हैक कर हैकरों ने उनके खाते से 50 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस और साइबर सेल जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेश कुमार, जो महावीर ग्रीन अपार्टमेंट, वाराणसी के निवासी हैं, ने बताया कि 13 अक्तूबर को अचानक उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ ही मिनटों में उनके एसबीआई बैंक खाते से 50 हजार रुपये झारखंड के दुमका स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में ट्रांसफर हो गए।
घटना का पता चलते ही उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दी और बैंक को भी अवगत कराया। बावजूद इसके, ठगों ने रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ठगों ने पीड़ित का मोबाइल हैक कर फर्जी ट्रांजैक्शन किया है। मामले की सूचना साइबर सेल को भेज दी गई है, और ट्रांजैक्शन के माध्यम से ठगों का लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लिंक, कॉल या मैसेज से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।साइबर अपराधी अब बैंक अधिकारियों और तकनीकी रूप से जागरूक लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल का जवाब देने से पहले दो बार सोचें — वरना मेहनत की कमाई कुछ ही सेकंड में गायब हो सकती है।









Users Today : 6
Users This Year : 24780
Total Users : 37373
Views Today : 9
Total views : 73538