वाराणसी धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाए जाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को स्वयं बाइक से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए। वहीं लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त नदेसर, मिंट हाउस चौराहा, एयर फोर्स चौराहा, राजाबाजार, धौसाबाद मार्केट, लहुराबीर, मलदहिया, चेतगंज और चौकाघाट सहित शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीमों को सतर्क दृष्टि बनाए रखने, समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने सर्राफा बाजारों और प्रतिष्ठानों पर खरीदारी कर रहे नागरिकों से संवाद कर उन्हें धनतेरस व दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम जनमानस बिना किसी असुविधा या भय के सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मना सके, यही हमारा लक्ष्य है।”
उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, नो-पार्किंग जोन और यातायात डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। वहीं, अग्निशमन दल को भीड़भाड़ वाले बाजारों और पटाखा बिक्री स्थलों पर सतत मुस्तैदी से तैनात रहने को कहा गया। महिला सुरक्षा को लेकर “मिशन शक्ति टीमों” को बाजारों में सक्रिय गश्त करने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोने-चांदी, मिष्ठान भंडार और अन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे धनतेरस और दीपावली का त्यौहार सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों से दूर रहें।
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी








Users Today : 11
Users This Year : 24785
Total Users : 37378
Views Today : 21
Total views : 73550