चन्दौली धानापुर सामाजिक सरोकारों, साहित्य , संस्कृति, शिक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था अदनान फाउण्डेशन ने अधिवक्ता पवन शुक्ला को संस्था का विधिक सलाहकार मनोनीत किया है। श्री शुक्ला उच्च न्यायालय, लखनऊ के वरिष्ठ अधिवक्ता होने के साथ-साथ वर्तमान में राज्य विधि अधिकारी (उत्तर प्रदेश सरकार) के पद पर कार्यरत हैं। विधि के क्षेत्र में उनका अच्छा अनुभव और समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण उन्हें विशिष्ट बनाता है।
संस्था के प्रबन्ध न्यासी एवं प्रबंध निदेशक एम अफसर खान ‘सागर’ ने बताया कि पवन शुक्ला जैसे दक्ष, निष्ठावान और अनुभवी विधि विशेषज्ञ का फाउण्डेशन से जुड़ना हमारे लिए गर्व की बात है। अदनान फाउण्डेशन सदैव सामाजिक न्याय, साहित्य, शिक्षा, मानवाधिकार और समाजोत्थान के कार्यों में सक्रिय रहा है। ऐसे में कानूनी मार्गदर्शन और परामर्श की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्री खान ने आगे कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के कमजोर तबकों को न्याय, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना है। पवन शुक्ला की कानूनी समझ और सामाजिक संवेदनशीलता फाउण्डेशन के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगी।
मनोनयन पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिवक्ता पवन शुक्ला ने कहा कि उन्हें अदनान फाउण्डेशन से जुड़कर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा, मैं संस्था के हर सामाजिक और कानूनी उद्देश्य में अपनी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुभव के साथ योगदान दूँगा। न्याय और समाज सेवा, दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं और इन्हें साथ लेकर चलना ही असली राष्ट्रनिर्माण है।
गौरतलब है कि अदनान फाउण्डेशन द्वारा साहित्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







