वाराणसी
साकेत नगर में जनसंपर्क कर विधायक ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं

जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने के क्रम में वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने महामना मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नरिया वार्ड स्थित साकेत नगर कॉलोनी में भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया।
इस दौरान विधायक ने कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने लोगों से क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर चर्चा की तथा उनके सुझावों को सुना।

इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र में आकर आप सभी से मिलना और आपकी बातें सुनना हमेशा सुखद अनुभव होता है।
आप सभी के सुझाव और समस्याएं हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो।

जनसंपर्क कार्यक्रम में महामना मंडल अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित अशोक पटेल, सुमित सिंह, दुर्गेश पाठक, सुरेश पांडेय, अजय चौहान, राम कुमार पटेल, विक्रम चौहान एवं राजीव पटेल सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







