भदोही में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पटाखों में विस्फोट, सात लोग झुलसे

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

भदोही उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर (भदोही) जिले में मंगलवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान पटाखों में विस्फोट होने से एक वृद्ध महिला समेत सात लोग झुलस गए। घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह ने हादसे में सात लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों की ओर से करीब 10 लोगों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना चौरी थाना क्षेत्र के चौरी बाजार में स्टेशन रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शाम करीब पांच बजे हुई। सार्वजनिक दुर्गा पूजन समिति, स्टेशन रोड, स्टेट बैंक के निकट स्थापित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए वाहन पर लादा जा रहा था।

इसी दौरान पटाखे जलाते समय झोले में रखे पटाखों में चिंगारी लग गई। इसके बाद झोले में रखे सैकड़ों पटाखे एक साथ फटने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के कारण कई लोगों को बारूद के छर्रे लगे और वे झुलस गए।

घटना में गंभीर रूप से घायल शुभम नामक युवक को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उसके हाथ में पटाखों से भरा झोला था। अन्य घायलों का भदोही शहर के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घायलों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई