जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चन्दौली की अध्यक्षता में आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित, संबंधित अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश;

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चंदौली-

आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 09.10.2026 को जिलाधिकारी चन्दौली, चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक चन्दौली, आकाश पटेल द्वारा पुलिस लाइन चन्दौली स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा विभिन्न आयोजनों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश-

नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी-

सभी धार्मिक आयोजन पूर्व से निर्धारित परंपराओं के अनुसार सम्पन्न कराए जाएं। किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न की जाए तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए।

दुर्गापूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम-

सभी पंडालों में विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की जांच कराकर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य किसी दुर्घटना की आशंका न रहे।

मूर्ति विसर्जन स्थलों पर विशेष सतर्कता-

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विसर्जन कार्यक्रम सुरक्षित ढंग से सम्पन्न हो सके।

रावण दहन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा-

रावण दहन स्थल के आसपास किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ न रखा जाए तथा आयोजन के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश-

संवेदनशील स्थलों का संयुक्त निरीक्षण-

संबंधित अधिकारी संवेदनशील स्थलों एवं आयोजन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा आवश्यक कमियों को समय रहते दूर कराएं।

छुट्टा पशुओं के नियंत्रण की व्यवस्था–

त्योहारों के दौरान आवागमन एवं आयोजनों में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए छुट्टा पशुओं के प्रबंधन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था-

सभी संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय से दुरुस्त कराएं।

खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी कार्रवाई-

बाजारों में पनीर, खोया एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दृष्टिगत अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराएं, जिससे जनपद में त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सकें।

उक्त बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर, विक्रम दहिया, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – ईशान मिल्की

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई