आगरा, 9 अक्टूबर 2026। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में एफएच मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7:30 बजे ‘रन फॉर मन’ का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंध को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत एफएच मेडिकल कॉलेज के स्पोर्ट्स ग्राउंड पर हुई, जहाँ कॉलेज के चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों , नर्सिंग स्टाफ, नर्सिंग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वार्म-अप सत्र के बाद वाइस चेयरमैन मोहम्मद जीशान द्वारा हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. पी.एस. बघेल के नेतृत्व में किया गया।
इस आयोजन में मनोचिकित्सा विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉ. अदिति गुप्ता रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. मोहम्मद असमर, डॉ. पलक गुप्ता, डॉ. ऐशिता गुप्ता एवं डॉ. सुमैर राशिद, तथा विभाग के मनोवैज्ञानिक अर्जुन सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। बाल रोग विभाग से डॉ. मोहम्मद शहेराज़ फ़िरोज़ तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग से डॉ. पंचशील शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की
दौड़ में 90 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। इस पहल के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, तनाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
दौड़ के साथ-साथ मनोचिकित्सा विभाग द्वारा नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन, 10 अक्टूबर 2026, को स्किट एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को व्यापक स्तर पर पहुँचाने, मानसिक बीमारियों से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करने तथा लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
एफएच मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग की यह पहल मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में स्वस्थ मन एवं स्वस्थ जीवन के संदेश को प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








