चेयरमैन के खिलाफ लगाए नारे, छह सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जमानियां (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली को लेकर नगर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गृहकर वसूली के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान आक्रोशित सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ‘चेयरमैन मुर्दाबाद’ और ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, नगर पालिका अध्यक्ष पर नहीं भरोसा’ जैसे नारों से धरनास्थल गूंज उठा।

धरनारत सभासदों ने पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी छह सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रुप दिया जाएगा। प्रशासनिक निर्देशों और बोर्ड के फैसले की अनदेखी का आरोप सभासदों का आरोप है कि नवीन गृहकर वसूली के संबंध में सक्षम प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं

कि मामले का विधिवत निस्तारण होने तक वसूली नहीं की जाए। उनके मुताबिक, अपर जिलाधिकारी गाजीपुर की ओर से भी इस संबंध में रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभासदों ने दावा किया कि 11 सितंबर 2026 को आयोजित नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में नवीन गृहकर को फिलहाल समाप्त करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद कथित तौर पर गृहकर जमा करने के लिए नगरवासियों पर दबाव बनाया जा रहा है। सभासदों ने इसे बोर्ड के फैसले और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।

छह सूत्रीय मांगों पर अड़े सभासद

धरनारत सभासदों ने नवीन गृहकर की वसूली पर तत्काल रोक लगाने, अब तक हुई वसूली की जांच कराने, प्रशासनिक आदेशों की कथित अवहेलना की निष्पक्ष जांच करने और बोर्ड बैठक में पारित प्रस्ताव का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने कहा कि जांच में यदि पालिका अध्यक्ष अथवा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

सभासदों का कहना है कि जनता के हितों की रक्षा करना उनके दायित्वों में शामिल है। उनका आरोप है कि गृहकर वसूली को लेकर नगरवासियों में असंतोष बढ़ रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन को हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान कराना चाहिए।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना

सभासदों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में सभासद अंजनी कुमार गुप्ता, प्रमोद यादव, सचिन वर्मा, मोहन गुप्ता, रजनीकांत उपाध्याय, सुरेंद्र चौधरी साहू, राजा बाबू, मनीष यादव, राकेश प्रजापति, विकास जायसवाल जुगनू, शिवबचन यादव और उमराव यादव सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट विकास सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई