चन्दौली
भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्री-टेस्टिंग/पोस्ट-न्यूमरेशन (PE) प्रक्रिया के प्रथम स्लॉट का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रेवसा में शुरू हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में 8, 9 और 10 अक्टूबर को प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया
कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सहित जिले के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और जिले के भविष्य के विकास की नींव है। इस बार द्वितीय चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य और उनके विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से जुड़े कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रशिक्षण ले रहे सभी अधिकारी व कर्मचारी ध्यान दें कि ऐप या फॉर्म में दिए गए सभी 40 प्रश्नों को भरना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर त्रुटि या लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। सटीक और पारदर्शी डेटा ही सही सरकारी नीतियों के निर्माण में सहायक होगा।
प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस चरण में डिजिटल माध्यम और मोबाइल ऐप का मुख्य रूप से उपयोग किया जा रहा है, ताकि आंकड़ों का प्रविष्टीकरण जल्द और बिना किसी त्रुटि के पूरा किया जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि जब जनगणना टीम उनके घर पहुंचे, तो वे सभी 40 प्रश्नों के सही और सटीक उत्तर देकर सहयोग करें।







