जौनपुर
दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।
डीएम ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, खुले सीवर-मैनहोल बंद कराने, जर्जर विद्युत तार व खंभे बदलने, जलभराव रोकने, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और विसर्जन मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी भी दुर्घटना में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डीएम ने दुर्गा पूजा समितियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क अथवा हाईटेंशन तारों के नीचे पंडाल न लगाए जाएं। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त वालेंटियर्स और प्रवेश-निकास की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो। भीड़ और यातायात को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाए।
बैठक में एआई से बनाए जा रहे भ्रामक वीडियो का मुद्दा भी उठा। डीएम ने ऐसे मामलों की निगरानी, तथ्यात्मक जांच और दोषियों के विरुद्ध आईटी एक्ट सहित प्रचलित कानूनों के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि त्योहार आस्था का है। विवाद का नहीं। सभी लोग आपसी भाईचारे, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।










Users Today : 67
Users This Year : 29115
Total Users : 41708
Views Today : 112
Total views : 80504