वाराणसी।
काशी की धरती पर भारत-जापान की मैत्री और स्वर्गीय जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की यादों को स्थायी स्वरूप मिल गया। सिगरा स्थित रुद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में बुधवार को ‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का लोकार्पण जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से किया। लोकार्पण के दौरान आकिए आबे अपने पति की काशी यात्रा की यादों को साझा करते हुए भावुक हो गईं।
‘अगर मेरे पति जीवित होते तो काशी जरूर आते’
आकिए आबे ने वर्ष 2015 की शिंजो आबे की काशी यात्रा को याद किया। उन्होंने बताया कि बनारस यात्रा के दौरान शिंजो आबे ने मां गंगा को बेहद श्रद्धा और ध्यान से देखा था। आकिए आबे ने कहा कि उनकी लंबे समय से इच्छा थी कि वह स्वयं काशी आएं और इस पवित्र नगरी को देखें। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यदि शिंजो आबे आज जीवित होते तो इस खूबसूरत स्मृति गलियारे को देखकर बेहद प्रसन्न होते और काशी आने की इच्छा जरूर जताते।
मेमोरियल कॉरिडोर में वर्ष 2015 में शिंजो आबे की ऐतिहासिक काशी यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आत्मीय पलों की तस्वीरों और स्मृतियों को संजोया गया है।

काशी–क्योटो साझेदारी की भी यादें
आकिए आबे ने काशी और जापान के क्योटो शहर के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में दोनों प्राचीन सांस्कृतिक शहरों के बीच पार्टनर सिटी समझौता हुआ था। इसी साझेदारी के बाद काशी में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा।
108 रुद्राक्षों में झलकती भारत-जापान की सांस्कृतिक समानता
आकिए आबे ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की स्थापत्य विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र का नाम ‘रुद्राक्ष’ रखा गया है और इसकी बाहरी दीवारों पर 108 रुद्राक्ष लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि 108 की संख्या भारत के साथ-साथ जापान में भी धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखती है। जापान में नववर्ष की पूर्व संध्या पर बौद्ध मंदिरों में 108 बार घंटी बजाने की परंपरा दोनों देशों की सांस्कृतिक समानताओं को दर्शाती है।

सेमीकंडक्टर से ग्रीन हाइड्रोजन तक बढ़ रहा सहयोग: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-जापान संबंधों को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों से आगे आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग से जोड़ते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी अब सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों तक पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि भारत में करीब 1400 जापानी कंपनियां काम कर रही हैं। जापान के पास प्रिसिजन टेक्नोलॉजी और अनुभव है, जबकि भारत के पास प्रतिभाशाली युवा शक्ति और बड़ा बाजार है।
मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तर प्रदेश में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट 500 एकड़ में ‘जापानी सिटी’ विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। जापानी निवेश को बढ़ावा देने के लिए इन्वेस्ट यूपी में यामानाशी डेस्क भी स्थापित किया गया है।








