चन्दौली सकलडीहा
विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को युवाओं की बड़ी जुटान देखने को मिली। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में युवा पहुंचे। युवाओं की भारी मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर युवाओं, किसानों और आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और पिछड़े, दलित तथा अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
विधायक ने कहा कि बड़ी-बड़ी विकास योजनाओं और आर्थिक आंकड़ों की चर्चा तो की जाती है, लेकिन युवाओं को रोजगार और किसानों को उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान देने के सवाल पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम आदमी की मुश्किलें बढ़ी हैं और युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सिंचाई, जलभराव और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। सकलडीहा क्षेत्र में इन मुद्दों को लेकर विधायक पहले भी प्रशासन और सरकार के समक्ष आवाज उठाते रहे हैं।
विधायक ने कहा कि युवा अब अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक हो रहे हैं और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने की जरूरत है। उनके संबोधन के दौरान कार्यक्रम में मौजूद युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। आयोजन के दौरान संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं को जनहित के मुद्दों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनिल यादव,प्रभात यादव,बबलू यादव,जितेंद्र यादव,संजय यादव,मुलायम यादव इत्यादि लोग मौजूद रहे।







