मीरजापुर
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा दिवस व आशीर्वाद थीम पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में विकास भवन परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया।इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र, टूल किट, स्मार्ट फोन, प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति पत्र, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल आदि का वितरण कर लाभान्वित किया।
प्रदर्शनी में कृषि विभाग, बाल विकास परियोजना, उद्यान विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, कौशल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन सहित लगभग 15 विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक प्रदर्शनी स्टाल पर पहुंचकर अवलोकन किया तथा योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
नगर विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा ही संगठन का मंत्र दिया है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसी मंत्र को धरातल पर उतार रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाई गई प्रदर्शनी का यही उद्देश्य है कि लोगों को एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी मिले। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या और छानबे विधायक रिंकी कोल ने भी प्रदर्शनी के उद्देश्य व महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने तथा योजनाओं का लाभ पाने के बाद उनके चेहरे पर खुशी की झलक दिखी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने वाले विभागों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आवर्ती निधि व सामुदायिक निवेश निधि योजना के तहत एक करोड़ 57 लाख 80 हजार रुपये का चेक, जिला उद्योग विभाग द्वारा 10 पात्र हलवाई समाज के लाभार्थियों को टूल किट,
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट व प्रशस्ति पत्र, बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को स्मार्ट फोन तथा एक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री व 4 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, परियोजना निदेशक ग्राम विकास विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास का स्वीकृति पत्र, प्रबंधक लीड बैंक द्वारा मुख्यमंत्री युवा योजना के 6 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा कृषि विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को तोरिया मिनी किट का वितरण किया गया

सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजकीय महाविद्यालय मझवां में ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत डिजिटल नुक्कड़ नाटक अभिनीत किया गया, जिसमें 16 छात्र-छात्राएं सहित प्रधानाध्यापक मनोज सिंह और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। नरोत्तम सिंह पदम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मगरहा में गोष्ठी व वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार रमाशंकर सिंह राजपूत, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







