मिर्जापुर।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस की बैठक में किसानों ने अपनी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। भारतीय किसान मंच के जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी ने जिले भर के किसानों की ओर से आठ प्रमुख मुद्दे प्रशासन के समक्ष रखे। बैठक के दौरान कई मामलों में लापरवाही देखकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।
कंचन सिंह फौजी ने बताया कि बैठक में विभिन्न ब्लॉकों से आए किसान बंधुओं ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं—
बाढ़ और आपदा से बर्बाद हुई धान की फसल का आंकलन कर प्रभावित किसानों को तत्काल फसल बीमा का लाभ दिया जाए।भागवत राजवाह की शाखा नहर का बांध हर 15 दिन में टूट जाता है। स्थायी समाधान के लिए जगह-जगह ह्यूम पाइप और चैम्बर डाले जाएं। डाक बंगले से पवन बैरियर तक ब्रांच नहर तथा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग किनारे भागवत ब्रांच की नाली नंबर-4 बंद होने से घटमपुर-भटपुर गेट तक सिंचाई ठप है।
जनपद की सभी नहरों की सफाई कराकर टेल तक पानी पहुंचाया जाए। वाराणसी-मदनपुरा मार्ग पर सड़क किनारे पटरी पर गोबर, ईंट-पत्थर रखकर किए गए अतिक्रमण हटाए जाएं। मुगलसराय राजवाह शर्मा रोड पुल के नीचे ठोकर लगाने से भैपुर में सिंचाई बाधित हो रही है।
अदलहाट ब्लॉक में पिछले चार महीने से खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की शिकायत है। आरोप है कि पूर्व प्रधान कोटेदार के रूप में अपने घर से ही कोटा चला रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि या तो कोटा निरस्त किया जाए या समूह को कोटा दिया जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-रात हो रही अघोषित बिजली कटौती बंद कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इनके अलावा पीडब्ल्यूडी सड़कों में गड्ढों की मरम्मत, नाली-पानी निकासी और सहकारी समितियों में खाद की किल्लत का मुद्दा भी उठाया गया। खाद की समस्या पर सीडीओ और सहायक रजिस्ट्रार (सहकारिता) ने एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन दिया, जिससे किसान संतुष्ट दिखे।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई गई और उन्हें संवेदनशील बनाया गया कि किसान दिवस महत्वपूर्ण बैठक है, इसमें समय से उपस्थित होकर अधिकतम समस्याओं का समाधान किया जाए।
अधिकारियों ने किसानों के लिए संदेश देते हुए कहा, “किसान हमारे अन्नदाता हैं। उन्हीं की वजह से हमारी थाली में रोटी-सब्जी आती है। उनकी समस्याओं का निराकरण हमारी पहली प्राथमिकता है। किसान अपनी समस्या ब्लॉक, तहसील और जनपद स्तर के किसान दिवस में आकर बता सकते हैं। प्रशासन समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।”
कंचन सिंह फौजी ने सीडीओ की प्रशंसा करते हुए कहा, “सीडीओ साहब किसानों की बात को बहुत गंभीरता से सुनते हैं और यथासंभव त्वरित निस्तारण करना चाहते हैं। इसके लिए मैं उन्हें साधुवाद देता हूं।”







