वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अवतरण दिवस के अवसर पर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले प्रस्तावित कार्यक्रमों और गुजरात के वडनगर तक जाने वाली बाइक रैली (सेवा संकल्प यात्रा) के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों की ब्रीफिंग करते हुए पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस, पीएसी तथा सादे वस्त्रों में जवानों की तैनाती के साथ एंटी-सबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते से सघन जांच के आदेश दिए गए। वीआईपी और आम जनता के लिए अलग-अलग प्रवेश-निकास मार्ग, मजबूत बैरिकेडिंग और महिला पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।







