सकलडीहा,
विकास खंड के 22 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की जांच के बाद अनुपस्थित होने व अन्यत्र कार्य करने पर पंचायत विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। एडीओ पंचायत ने चेताया कि निर्धारित समय में पंचायत सहायक स्पष्टीकरण नहीं देने पर कोतवाली में उनके खिलाफ विभिन्न् धारा में एफआईआर दर्ज कराया जायेगा। विभागीय नोटिस से पंचायत सहायकों में खलबली मची है।
आरोप है कि विकास खंड में बीते दिनों एडीओ पंचायत की ओर से गोपनीय जांच पंचायत सहायकों की करायी गई थी। जिसमें 22 गांव के पंचायत सहायक अनुपस्थित रहे। नियुक्ति के बाद निजी संस्थानों में नौकरी कर रहे हैं या अन्य कार्य कर रहे हैं। एडीओ पंचायत ने इन सभी को नोटिस भी जारी किया है।
एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि विकास खंड में कुल 101 पंचायत सहायक काम कर रहे हैं। इनमें से कई पंचायत सहायक ग्राम सचिवालय में मौजूद नहीं रहते थे। कई बार जांच के बाद उन्हें नोटिस भी दिए गए। जिनमें 13 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। इन सभी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है। जल्द ही धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दिया है।







