जौनपुर
सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव में सोमवार देर रात एक विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान लगभग 30 वर्षीय रीना पटेल, पत्नी दिलीप पटेल, के रूप में हुई है। रीना की शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी। उनके परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
मृतका के पिता ने सुजानगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी और दामाद के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि लगभग एक माह पूर्व भी रीना ने अपनी सुरक्षा को लेकर थाने में शिकायत की थी, जिस पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। पिता के अनुसार, सोमवार शाम फिर विवाद की सूचना मिली और देर रात बेटी की आत्महत्या की खबर मिली। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।







