चन्दौली डीडीयू नगर
क्षेत्र में पिछले लगभग 10 दिनों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। क्षेत्रवासियों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। प्रदर्शन में महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासी शोभा देवी ने बताया कि सड़क पिछले 8 से 10 दिनों से बेहद खराब स्थिति में है। सड़क धंसने के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी एकमात्र मांग है कि सड़क का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
हैबिट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चों का स्कूल आना-जाना होता है। इसके अलावा मालवाहक वाहनों के आवागमन से सड़क लगातार धंसती जा रही है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, बच्चे और राहगीर आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। प्रशासन को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सड़क की मरम्मत करानी चाहिए।
वहीं पूर्व सभासद विनय कुमार (डब्बू) यादव ने आरोप लगाया कि जल निगम द्वारा लगभग 10 दिन पहले सड़क खोदने के बाद उसे उसी हालत में छोड़ दिया गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह प्रदर्शन बड़े आंदोलन का रूप लेगा और क्षेत्रवासी नगरपालिका पर धरना देने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में महेंद्र, सुबोध, दिलीप कुमार, अभिषेक शर्मा, गुरुदयाल, अजय मास्टर, अभय शर्मा, अभिषेक यादव, शोभा देवी, रेखा देवी, कलू कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कर जनसमस्या का समाधान करने की मांग की।











Users Today : 29
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today : 107
Total views : 73438