वाराणसी।
रिंग रोड संदहा चौराहा के पास लंबे समय से संचालित हो रही अवैध बालू मंडी पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर एसडीएम सदर नितिन सिंह के नेतृत्व में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कुल 68 वाहनों को सीज कर दिया। इनमें 46 ट्रैक्टर और 22 ट्रक शामिल हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से बालू कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसडीएम सदर नितिन सिंह ने बताया कि संदहा क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध रूप से बालू मंडी संचालित की जा रही थी, जिसके खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर यह अवैध कारोबार चल रहा था, उस भू-स्वामी को भी नोटिस जारी किया जाएगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
छापेमारी के दौरान खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा, एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना तथा चौबेपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र सोनकर भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। टीम ने पूरे इलाके की सघन जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने चेतावनी दी कि भविष्य में कहीं भी अवैध बालू भंडारण या मंडी का संचालन मिला तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











Users Today : 0
Users This Year : 24728
Total Users : 37321
Views Today :
Total views : 73459