चंदौली
बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चकनौदार में मंगलवार देर रात घरेलू गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हादसे में चार बच्चे घायल हो गए, जबकि मकान एवं घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चकनौदार निवासी रमेश यादव के घर में रखा इंडेन गैस का घरेलू सिलेंडर मंगलवार की रात लगभग 11:30 बजे अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के बाद घर में आग लग गई और देखते ही देखते टिन शेड के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मकान के पिलर और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सामने चारपाई पर चार बच्चे सो रहे थे, जो विस्फोट और आग की चपेट में आकर घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना तत्काल 112 पुलिस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार के अनुसार हादसे में घर का सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित रमेश यादव ने संबंधित गैस एजेंसी एवं अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर घटना की तकनीकी जांच कराने, विस्फोट के कारणों का पता लगाने तथा हुए नुकसान और घायल बच्चों के उपचार हेतु मुआवजा एवं बीमा लाभ दिलाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार यदि हादसा कुछ और बड़ा होता तो जनहानि भी हो सकती थी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।











Users Today : 3
Users This Year : 24731
Total Users : 37324
Views Today : 6
Total views : 73465