चन्दौली चहनिया
जवाहर नवोदय विद्यालय बैराठ के छात्र आयुष कुमार मिश्र (वर्तमान कक्षा 12वीं) व बाबा कीनाराम इंटर कालेज रामगढ़ की छात्रा श्रद्धा शर्मा (वर्तमान कक्षा 12वीं) का प्रतिष्ठित प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम में चयन किया गया।
जो दोनों छात्र-छात्राएं सात मई को विद्यालय की शिक्षिका रश्मि कुमारी पीजीटी गणित के साथ गुजरात के वडनगर स्थित प्रेरणा विद्यालय के लिए रवाना किया गया। 10 मई से 16 मई तक आयोजित 7 दिवसीय इस विशेष कार्यक्रम में दोनों छात्रो ने सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रेरणादायी एवं व्यक्तित्व विकास आधारित गतिविधियों में भाग लिया।
इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक जिले से केवल एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन किया जाता है, जो कक्षा 8 वीं से 11वीं के मध्य अध्ययनरत हों। चयन प्रक्रिया अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं त्रिस्तरीय होती है। प्रथम चरण में विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कर एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन जिला स्तर के लिए किया जाता है।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का सुनियोजित आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय, बैराठ में किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए अपनी विशिष्ट अभिक्षमताओं, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इसके उपरांत सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 15 छात्र एवं 15 छात्राओं का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें से शिक्षा मंत्रालय द्वारा अंतिम रूप से एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन गुजरात के वडनगर स्थित प्रेरणा विद्यालय हेतु किया गया। यह वही ऐतिहासिक विद्यालय है, जहा से भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिक्षा प्राप्त की थी।
चयनित विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के अवसर पर दिल्ली में भेंट भी करते हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय बैराठ के प्राचार्य संजय मिश्र ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि प्रेरणा उत्सव जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों का विकास करते हैं।
जनपद के विद्यार्थियों का इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयन होना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। हमें विश्वास है कि ये विद्यार्थी अपने अनुभवों से अन्य छात्रों को भी प्रेरित करेंगे।विद्यालय परिवार ने दोनों प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











Users Today : 5
Users This Year : 24844
Total Users : 37437
Views Today : 5
Total views : 73637