चंदौली:
नेशनल हाईवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले शातिर गिरोह का चंदौली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी हाईवे पर औरत का भेष बनाकर ट्रकों को रुकवाते थे और फिर ड्राइवरों से मारपीट कर लूटपाट करते थे।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में महिला बनकर सड़क किनारे खड़े हो जाते थे। जैसे ही कोई ट्रक रुकता, बाकी बदमाश चालक को घेरकर नगदी और सामान लूट लेते थे। आरोपियों के खिलाफ 16 मई को एक ट्रक चालक ने चंदौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना के बाद पुलिस ने नेशनल हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान भगवान तालाब के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम पहुंची तो आरोपी भागने लगे। इस दौरान बिहार के मोहनिया निवासी विक्रम यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली विक्रम यादव के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य बेहद शातिर हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद बिहार की तरफ फरार हो जाते थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।











Users Today : 5
Users This Year : 24723
Total Users : 37316
Views Today : 7
Total views : 73445