वाराणसी :
चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा चिरईगांव ओवरब्रिज के नीचे शनिवार की सुबह लगभग छह बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बैक करते समय गिट्टी लदे डंपर की चपेट में आने से खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.
मृतक की पहचान परमेश्वर (30) पुत्र राजेश निवासी ग्राम पैडे, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है. थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर सोनभद्र से गिट्टी लादकर संदहा की ओर आ रहा था. इसी दौरान नो एंट्री में घुसने के लिए चालक ने वाहन को पीछे की ओर चलाया, जिससे खलासी उसकी चपेट में आ गया. यह हादसा इतना गंभीर था कि खलासी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस ने डंपर मालिक को घटना की जानकारी दे दी है. सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.
इस घटना के बाद खलासी के परिवार में मातम पसर गया. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस प्रकार के हादसे अक्सर होते रहते हैं, जिससे सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है. ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े किए हैं.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर ध्यान देने का आश्वासन दिया है. इस हादसे ने यह भी दर्शाया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है.











Users Today : 9
Users This Year : 24727
Total Users : 37320
Views Today : 20
Total views : 73458